मुंबई। हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपनी दमदार अदाकारी के लिए पहचाने जाने वाले वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन की पुष्टि उनके मैनेजर ने की है, जबकि अभिनेता यशपाल शर्मा ने भी सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कैंसर से चल रहा था इलाज
जानकारी के अनुसार, प्रदीप रावत का लंबे समय से कैंसर का इलाज चल रहा था। पहले उनका उपचार मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में हुआ, बाद में उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। बीमारी दोबारा उभरने के बाद पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी।
‘महाभारत’ से शुरू हुआ अभिनय सफर
प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर की थी। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में कई यादगार किरदार निभाए।
‘लगान’ और ‘गजनी’ से मिली खास पहचान
प्रदीप रावत को आमिर खान अभिनीत ‘लगान’ में देवा सिंह सोढ़ी और ‘गजनी’ में उनके खलनायक के किरदार के लिए विशेष पहचान मिली। इसके अलावा उन्होंने कई दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी प्रभावशाली नकारात्मक भूमिकाएं निभाईं, जिससे वे देशभर के दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए।
यशपाल शर्मा ने दी श्रद्धांजलि
‘लगान’ में उनके सह-कलाकार रहे अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “हमारा ‘गजनी’, ‘लगान’ का देवा प्रदीप रावत अब नहीं रहा। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।”
प्रदीप रावत के निधन से फिल्म और टेलीविजन जगत में शोक की लहर है। उनके प्रशंसक और साथी कलाकार सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।





