बेमेतरा। साजा विधानसभा के विधायक ईश्वर साहू एक बार फिर विधायक निधि के उपयोग को लेकर विवादों में हैं। इस बार सरकारी स्कूलों के लिए बाजार मूल्य से करीब चार गुना अधिक कीमत पर कंप्यूटर सेट खरीदे जाने का मामला सामने आया है। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष छाबड़ा की शिकायत पर जिला प्रशासन ने जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित कर दी है।
शिकायत के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में साजा विधानसभा के 40 सरकारी स्कूलों में विधायक निधि से कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराए गए। प्रत्येक सेट में 3 कंप्यूटर, मॉनिटर, सीपीयू, की-बोर्ड और यूपीएस शामिल था। आरोप है कि प्रत्येक सेट के लिए 2.50 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि बाजार में इसी तरह के सेट की कीमत करीब 60 से 65 हजार रुपये है। इस आधार पर करीब 70 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि अधिकांश स्कूलों ने कंप्यूटर की मांग ही नहीं की थी। नवागांवकला, केहका, केसतरा और बीजा सहित कई स्कूलों के प्राचार्यों ने बताया कि उनसे बिना किसी मांग या सहमति के कंप्यूटर भेज दिए गए। कई स्कूलों में कंप्यूटर लैब या सुरक्षित कक्ष नहीं होने के कारण ये उपकरण अलमारी, स्टोर और कक्षाओं के कोनों में पड़े धूल खा रहे हैं।
पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने आरोप लगाया कि विधायक निधि का उपयोग जनता की मूलभूत आवश्यकताओं के बजाय महंगे कंप्यूटर खरीदने में किया गया, जिनका अधिकांश स्थानों पर उपयोग भी नहीं हो रहा है। उन्होंने इसे विधायक निधि का खुला दुरुपयोग बताया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार साहू की अध्यक्षता वाली इस समिति में जिला कोषालय अधिकारी प्रशांत प्रधान, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर महेंद्र कुमार वर्मा और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रोहित कुमार चंद्रवंशी को सदस्य बनाया गया है। जांच समिति जल्द अपनी विस्तृत रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेगी।





