निजी स्कूलों की मनमानी पर सरकार सख्त, NCERT/SCERT किताबें ही लागू करने के निर्देश
दुर्ग। निजी स्कूलों द्वारा निजी प्रकाशकों की किताबें खरीदने के लिए विद्यार्थियों और पालकों को बाध्य किए जाने की शिकायतों पर राज्य शासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। सचिव द्वारा जारी पत्र में सभी कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारियों को कहा गया है कि CG बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में कक्षा 1 से 10 तक SCERT की किताबें ही निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएं।
वहीं CBSE से संबद्ध स्कूलों में NCERT पाठ्यक्रम लागू करना अनिवार्य है। पालकों की शिकायत है कि कुछ स्कूल उन्हें विशेष दुकानों से किताबें खरीदने के लिए बाध्य करते हैं। इस पर जांच के निर्देश दिए गए हैं और स्पष्ट किया गया है कि किसी भी स्थिति में पालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला जाए।
कोडीन सिरप तस्करी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
भिलाईनगर। पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में मुख्य सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 800 बोतल नशीली सिरप, एक कार, एक एक्टिवा, चार मोबाइल और नकद राशि समेत करीब 5 लाख रुपए का मशरुका जब्त किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी ड्रग लाइसेंस बनाकर बाहर से सिरप मंगवाकर स्थानीय स्तर पर बेचते थे।
बीएसपी कर्मियों के लिए प्रमोशन का मौका, जूनियर मैनेजर पद के लिए आवेदन शुरू
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मियों के लिए जूनियर मैनेजर पद पर प्रमोशन का अवसर दिया गया है। इसके लिए 27 अप्रैल से 6 मई तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे।
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और साक्षात्कार शामिल होंगे। तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों वर्ग के पात्र कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी।
फोरलेन निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, 112 को नोटिस
दुर्ग। शहर में प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण कार्य को गति देने के लिए नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जेल तिराहा से मिनी माता चौक तक बनने वाली सड़क के मार्ग में आने वाले 112 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आवारा मवेशियों पर निगम का अभियान, शहर में लगातार कार्रवाई
दुर्ग। नगर निगम ने शहर में आवारा मवेशियों की समस्या को देखते हुए विशेष अभियान शुरू किया है।
टीम द्वारा मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में मवेशियों को पकड़कर गोठान में रखा जा रहा है। साथ ही रात के समय दुर्घटनाओं से बचाव के लिए मवेशियों को रेडियम पट्टी भी पहनाई जा रही है।
शादी समारोह में विवाद के बाद चाकूबाजी, 6 पर कार्रवाई
खैरागढ़। ग्राम मुढ़ीपार में शादी समारोह के दौरान विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना में दो युवक घायल हो गए।
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपियों ने घटना के बाद वाहन में तोड़फोड़ भी की।
अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई जारी, कई जगह हटाए गए कब्जे
राजनांदगांव। नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
अतिक्रमण दस्ता विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई कर अवैध कब्जों को हटाने के साथ ठेला-खोमचा और सड़क किनारे रखे सामान पर भी कार्रवाई कर रहा है। निगम प्रशासन ने नियमों के उल्लंघन पर सख्ती की चेतावनी दी है।





