June 21, 2026

हेमचंद विश्वविद्यालय समेत निजी यूनिवर्सिटी में एडमिशन शुरू, छात्रों के लिए सुनहरा मौका

दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय सहित जिले के विभिन्न शासकीय और निजी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र-छात्राएं अब ऑनलाइन आवेदन कर स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 16 जून से 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। इसके बाद रिक्त सीटें रहने पर कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त तक प्रवेश दिया जा सकेगा।

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के पोर्टल के माध्यम से 10 महाविद्यालयों में ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है, जहां प्रावीण्य सूची के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। वहीं स्वशासी दर्जा प्राप्त शासकीय वीवाईटी स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुर्ग में इस वर्ष संस्थान के स्वयं के पोर्टल के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जा रही है।

निजी विश्वविद्यालयों में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है। विशेषज्ञों के अनुसार इस वर्ष भी विज्ञान, वाणिज्य और बीबीए पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रतिस्पर्धा अधिक रहने की संभावना है। कई कॉलेजों में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क और काउंसिलिंग व्यवस्था भी शुरू की गई है।

शासकीय महाविद्यालयों में वीवाईटी स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुर्ग, वा.वा. पाटणकर कन्या महाविद्यालय, वैशाली नगर और भिलाई-3 के कॉलेज विद्यार्थियों की पहली पसंद बने हुए हैं। वहीं निजी संस्थानों में श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भारती विश्वविद्यालय और रुंगटा स्किल यूनिवर्सिटी में भी विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रारंभ हो चुके हैं।

साइंस कॉलेज दुर्ग प्रदेश का एकमात्र ए-प्लस ग्रेड प्राप्त महाविद्यालय होने के कारण यहां बीएससी और बीकॉम में प्रवेश के लिए कटऑफ अधिक रहने की संभावना है। आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय और अनुभवी शिक्षकों की उपलब्धता इसे छात्रों की प्राथमिक पसंद बनाती है।

इसके अलावा कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेठ रतनचंद सुराना महाविद्यालय, भिलाई महिला महाविद्यालय और सेंट थॉमस कॉलेज जैसे संस्थानों में भी कला, वाणिज्य, विज्ञान और अन्य संकायों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों की अच्छी रुचि देखी जा रही है।