September 4, 2026

AIIMS Convocation: आमंत्रण पत्र से सांसद बृजमोहन अग्रवाल का नाम गायब, विजय बघेल-मूणत-मीनल चौबे को भी नहीं मिला न्योता; BJP में नाराजगी

रायपुर। रायपुर एम्स के आगामी दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी सामने आई है। आमंत्रण पत्र में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का नाम शामिल नहीं है। इसके अलावा एम्स सलाहकार समिति के सदस्य सांसद विजय बघेल, विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे के नाम भी अतिथियों की सूची में नहीं हैं।

बता दें कि 2 सितंबर को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रायपुर एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकास शील ने उच्च स्तरीय बैठक कर अधिकारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए थे। बैठक में एम्स के अधिकारी भी मौजूद रहे।

आमंत्रण पत्र में इनका नाम शामिल

बैठक के बाद सामने आए आमंत्रण पत्र में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, एम्स रायपुर के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संजीव हांडा और कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) के नाम शामिल हैं।

वहीं सांसद और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नाम नहीं होने को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच सवाल उठ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी

आमंत्रण पत्र सामने आने के बाद भाजपा के कुछ नेता और कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। पोस्ट के जरिए सवाल उठाया जा रहा है कि सांसद और विधायकों की कथित उपेक्षा की शिकायत आखिर किससे की जाए और कौन सुनवाई करेगा।

सूत्रों के मुताबिक, करीब एक साल से भाजपा संगठन के कुछ नेताओं और राज्य व केंद्रीय नेतृत्व के बीच छत्तीसगढ़ में ऐसी परिस्थितियों के समाधान को लेकर दूरी की चर्चा है। हालांकि, आमंत्रण पत्र में जनप्रतिनिधियों के नाम नहीं होने को लेकर एम्स या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।