September 4, 2026

एयर इंडिया का बड़ा फैसला: अब सभी पायलटों का होगा ड्रग्स टेस्ट, फुकेत-दिल्ली उड़ान के बाद बढ़ी सख्ती

नई दिल्ली। फुकेत-दिल्ली उड़ान में पायलट के मारिजुआना टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद एयर इंडिया ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने का फैसला किया है। एयरलाइन अब अपने सभी पायलटों की प्रतिबंधित मादक पदार्थों और दवाओं के लिए अनिवार्य जांच करेगी। यह व्यवस्था 13 अगस्त 2026 से लागू हो गई है।

सभी पायलटों की होगी अनिवार्य जांच

एयर इंडिया ने कर्मचारियों को ईमेल के जरिए बताया है कि ग्रुप के सभी पायलटों की मौजूदा नियमों के तहत प्रतिबंधित पदार्थों और दवाओं के लिए जांच की जाएगी। जांच ट्रेनिंग के दौरान, उड़ान के बाद और निर्धारित अन्य स्थानों पर की जाएगी। यह कदम मौजूदा DGCA व्यवस्था से आगे बढ़कर एयरलाइन के आंतरिक सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए उठाया गया है।

अभी शराब के लिए होता है ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट

मौजूदा नियमों के तहत पायलटों का उड़ान से पहले शराब सेवन की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया जाता है, जबकि साइकोएक्टिव पदार्थों की जांच औचक आधार पर होती है। एयर इंडिया ने अब सभी पायलटों की नियमित रूप से व्यापक जांच करने का फैसला किया है।

क्या है फुकेत-दिल्ली उड़ान का मामला?

4 अगस्त को एयर इंडिया की AI2379 उड़ान फुकेत से दिल्ली आ रही थी। उड़ान के दौरान विमान ने अचानक करीब 300 फीट ऊंचाई खो दी, जिसके बाद कई यात्री और क्रू सदस्य घायल हुए। घटना के बाद दोनों पायलटों की ड्रग स्क्रीनिंग की गई और पायलट-इन-कमांड का कन्फर्मेटरी टेस्ट मारिजुआना के लिए पॉजिटिव पाया गया।

हालांकि, पायलट के टेस्ट पॉजिटिव आने और विमान के ऊंचाई खोने की घटना के बीच सीधा संबंध अभी आधिकारिक तौर पर स्थापित नहीं हुआ है। घटना की जांच जारी है।