रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह एयर इंडिया के एक विमान से चिड़िया टकराने की घटना सामने आई। यह घटना उस समय हुई जब दिल्ली से रायपुर पहुंची फ्लाइट लैंडिंग कर रही थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दौरान विमान को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया का विमान दिल्ली से रायपुर पहुंचा था। लैंडिंग के दौरान एक चिड़िया विमान से टकरा गई। घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की गई ताकि किसी संभावित क्षति का पता लगाया जा सके।
सुरक्षा मानकों के तहत निरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने तक विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई। इसी वजह से विमान की अगली उड़ान निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से रवाना हुई।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, जांच में किसी प्रकार की गंभीर क्षति नहीं पाई गई। आवश्यक सुरक्षा परीक्षणों के बाद विमान को उड़ान के लिए क्लियरेंस दे दिया गया।
गौरतलब है कि हवाई अड्डों के आसपास पक्षियों की मौजूदगी विमान संचालन के लिए चुनौती मानी जाती है। इसी कारण एयरपोर्ट प्रबंधन समय-समय पर बर्ड कंट्रोल अभियान भी चलाता है, ताकि उड़ानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





