September 6, 2026

खैरागढ़ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. लवली शर्मा बनीं आकाशवाणी की ‘टॉप ग्रेड आर्टिस्ट’, सितार वादन में मिला सर्वोच्च सम्मान

खैरागढ़। भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ की कुलपति प्रो. लवली शर्मा को दिल्ली आकाशवाणी ने सितार वादन में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘टॉप ग्रेड आर्टिस्ट’ का दर्जा प्रदान किया है। यह सम्मान उन्हें भारतीय शास्त्रीय संगीत, शोध और कला शिक्षा के क्षेत्र में दशकों से दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला है।

इस उपलब्धि के साथ ही प्रो. लवली शर्मा आगरा की पहली कलाकार बन गई हैं, जिन्हें आकाशवाणी का यह सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार, कला जगत और संगीत प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

प्रो. लवली शर्मा भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्रतिष्ठित सितार वादक हैं। वह सितार विषय में डी.लिट. की उपाधि प्राप्त करने वाली पहली महिला वादिका भी हैं। उन्होंने संगीत शिक्षा, शोध और भारतीय कला परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर की कुलपति रहते हुए उन्होंने संगीत विषय पर 13 से अधिक पुस्तकों का लेखन किया तथा जेलों में बंदियों के पुनर्वास के लिए म्यूजिक थेरेपी जैसे अभिनव प्रयास भी किए।

खैरागढ़ विश्वविद्यालय की कुलपति बनने के बाद उन्होंने शिक्षा, शोध और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा दी। उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शी पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया, समय पर परीक्षा परिणाम, राष्ट्रीय संस्थानों से शैक्षणिक सहयोग और अधोसंरचना विकास जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य हुए।

उनके कार्यकाल में तीन वर्षों बाद खैरागढ़ महोत्सव का सफल आयोजन हुआ। ‘श्रुति मंडल’, राष्ट्रीय संगोष्ठियां, पुस्तक मेला, नाट्य महोत्सव, नि:शुल्क ग्रीष्मकालीन कला शिविर और जनजातीय गौरव कार्यक्रम जैसी पहल ने विश्वविद्यालय की नई पहचान बनाई। इसी दौरान विश्वविद्यालय के चार विद्यार्थियों का चयन ललित कला अकादमी की छात्रवृत्ति के लिए हुआ, जबकि सेंट्रल जोन युवा उत्सव में विश्वविद्यालय ने ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल किया।

विदेशी विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 32 तक पहुंची, वहीं 55 सीटर वातानुकूलित बस, नई एम्बुलेंस की स्वीकृति, विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया और विश्वविद्यालय का नाम बदलकर राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय किए जाने जैसी उपलब्धियां भी उनके कार्यकाल में दर्ज हुईं।

भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में आकाशवाणी का ‘टॉप ग्रेड आर्टिस्ट’ सम्मान सर्वोच्च सम्मानों में माना जाता है। प्रो. लवली शर्मा को मिला यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि खैरागढ़ विश्वविद्यालय और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए भी गर्व का विषय माना जा रहा है।