September 4, 2026

अजय चंद्राकर बोले- छत्तीसगढ़ में जल्द नियुक्त होगा BJP प्रभारी, जो आएगा अच्छा ही होगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक अजय चंद्राकर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तरह छत्तीसगढ़ में भी जल्द भाजपा प्रभारी की नियुक्ति हो सकती है।

अजय चंद्राकर ने कहा कि प्रभारी की नियुक्ति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का विशेषाधिकार है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जब उचित समझेंगे, सोच-समझकर फैसला करेंगे। उन्होंने कहा कि जो भी नया प्रभारी आएगा, अच्छा ही होगा।

कांग्रेस के विकास मॉडल पर साधा निशाना

सरकार के ढाई साल पूरे होने पर मंत्रियों की प्रेसवार्ता और कांग्रेस के ‘पोस्टर में विकास’ वाले तंज पर अजय चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने समय के विकास को ही विकास मानती है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के विकास का मॉडल अलग है और अगर वही विकास है तो भगवान छत्तीसगढ़ को कांग्रेस से बचाए। उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय जेल जाना भी लोगों के लिए गर्व की बात बन गई थी।

शिक्षा व्यवस्था को लेकर दीपक बैज पर पलटवार

छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के शिक्षा व्यवस्था को लेकर दिए बयान पर भी अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था केंद्र से संबंधित विषय है और जो भी समस्याएं हैं, उन पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

वहीं दीपक बैज के शिक्षा मंत्री पर रील बनाने में व्यस्त रहने के आरोप पर अजय चंद्राकर ने पलटवार करते हुए कहा कि “दीपक बैज रील के नेता हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि दीपक बैज को सार्वजनिक तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अपना नेता मानने में परेशानी होती है।