रायपुर। बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, परिसीमन और नक्सलवाद जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस और टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को विपक्ष ने “षड्यंत्रपूर्वक” लोकसभा में प्रभावित किया, जिससे देशभर की मातृशक्ति में आक्रोश है।
चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस ने मिलकर इस बिल को गिराने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को अब जन-जन तक पहुंचाने के लिए बीजेपी व्यापक अभियान चलाएगी। उनके मुताबिक, यह सिर्फ एक विधेयक नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा बड़ा विषय है, जिस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए थी।
उन्होंने परिसीमन के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरते हुए कहा कि जनसंख्या संतुलन के लिए यह जरूरी प्रक्रिया है, लेकिन इसे भी राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। चंद्राकर ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर ग्रासरूट स्तर तक जनजागरण अभियान चलाएगी, ताकि जनता को पूरी सच्चाई बताई जा सके।
नक्सलवाद पर भी उन्होंने कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया। चंद्राकर ने दावा किया कि 31 मार्च 2026 देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन साबित होगा, क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में निर्णायक कार्रवाई हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ समेत देश में नक्सलवाद की जड़ें कांग्रेस शासनकाल की नीतियों से जुड़ी हैं। उनके अनुसार, “शोषण आधारित विकास मॉडल” के कारण स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ा, जिससे कम्युनिस्ट संगठनों को बढ़ावा मिला।
चंद्राकर ने कहा कि भाजपा इन सभी मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएगी।





