September 4, 2026

Ajay Devgn की ‘Drishyam’ का तीसरा पार्ट हुआ अनाउंस, ‘Drishyam: The Conclusion’ 2 अक्टूबर को होगी रिलीज

मुंबई। अजय देवगन की सुपरहिट फिल्म फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ के फैंस के लिए बड़ी खबर है। फिल्म के तीसरे और आखिरी पार्ट का मेकर्स ने ऐलान कर दिया है। इस फिल्म का टाइटल ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ रखा गया है। फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आएंगे।

मेकर्स ने फिल्म की घोषणा के साथ इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

सामने आया फिल्म का पहला पोस्टर

फिल्म की अनाउंसमेंट के साथ इसका पहला पोस्टर भी जारी किया गया है। पोस्टर में अजय देवगन का आधा चेहरा और उनकी एक आंख नजर आ रही है। पोस्टर पर लिखा है, “मेरा सच, मेरा सही, सिर्फ मेरी फैमिली है।”

अजय देवगन ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “हर इंसान का नजरिया अलग होता है… मेरे लिए मेरी फैमिली ही सब कुछ है।” उनके इस कैप्शन को विजय सलगांवकर के किरदार की सोच से जोड़कर देखा जा रहा है।

फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार

अजय देवगन ने पोस्ट शेयर करते हुए तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज और अभिषेक समेत कई कलाकारों को टैग किया है। इससे फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।

अभिषेक पाठक करेंगे निर्देशन

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक करेंगे। उन्होंने आमिल कीयन खान और परवेज शेख के साथ मिलकर फिल्म की कहानी भी लिखी है।

फिल्म का निर्माण स्टार स्टूडियोज और पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले किया जा रहा है। आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक फिल्म के निर्माता हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि विजय सलगांवकर की कहानी के इस आखिरी अध्याय में परिवार को बचाने के लिए वह कौन सा नया दांव खेलते हैं।