July 29, 2026

जांजगीर-चांपा: अकलतरा नगर पालिका में अध्यक्ष-पार्षदों के बीच विवाद, दफ्तर में लगाया ताला, प्रदर्शन जारी

जांजगीर-चांपा। अकलतरा नगर पालिका में एक बार फिर अध्यक्ष और पार्षदों के बीच विवाद की स्थिति बन गई है। नाराज पार्षदों ने आज सुबह नगर पालिका कार्यालय में ताला जड़कर निर्दलीय अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और मुख्य गेट के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सामान्य सभा बैठक के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले हुई सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष दीप्ती रोहित सारथी और पार्षदों के बीच तीखी बहसबाजी हुई थी। बताया जा रहा है कि तालाब गहरीकरण और प्लेसमेंट कर्मचारियों से जुड़े मामलों को लेकर विवाद बढ़ा था, जिसके बाद अध्यक्ष बैठक छोड़कर चली गई थीं।

दोबारा बैठक बुलाने से भड़के पार्षद

आज फिर सामान्य सभा की बैठक बुलाई गई थी, जिससे पार्षदों में आक्रोश फैल गया। इसी के विरोध में पार्षदों ने भीषण गर्मी के बीच नगर पालिका कार्यालय में ताला जड़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बीजेपी और कांग्रेस पार्षद एक साथ शामिल

प्रदर्शन में खास बात यह रही कि इसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के पार्षद शामिल हैं। इससे नगर पालिका की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है।

पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल नगर पालिका परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन जारी है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।