July 23, 2026

अविश्वास प्रस्ताव पर अमरजीत भगत का हमला, बोले- भाजपा झूठ की पाठशाला, किसानों से लेकर राम मंदिर तक उठाए सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर जारी राजनीतिक घमासान के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों देश को सुनियोजित तरीके से लूट रहे हैं। साथ ही खाद संकट, महादेव बेटिंग ऐप मामले, भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापना और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान अमरजीत भगत ने कहा कि भाजपा “झूठ की पाठशाला” बन चुकी है और राम भक्तों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए मिले चंदे का हिसाब जनता के सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि चंदे की राशि के उपयोग को लेकर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

खाद संकट पर सरकार को घेरा

पूर्व मंत्री ने राज्य में खाद की कमी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार में काम करने की इच्छाशक्ति नहीं बची है और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बड़े वादे किए, लेकिन जमीनी स्तर पर परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं।

विकास गर्ग की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल

महादेव ऑनलाइन बेटिंग और स्काईएक्सचेंज से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी द्वारा EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग की गिरफ्तारी पर भी भगत ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केवल गिरफ्तारी और जब्ती से काम नहीं चलेगा। यदि मामले में बड़ा नेटवर्क शामिल है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर पूरी सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।

राम प्रतिमा स्थापना को लेकर सरकार पर निशाना

चंद्रखुरी स्थित माता कौशल्या धाम में भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापना के मुद्दे पर भी भगत ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार राम के नाम पर राजनीति कर रही है, लेकिन प्रतिमा तक स्थापित नहीं कर पा रही। उन्होंने कहा कि राम सबके हैं और उनके नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर क्या बोले?

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के मुद्दे पर अमरजीत भगत ने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। उन्होंने कहा कि सरगुजा और बस्तर दोनों आदिवासी संभाग हैं और संगठन में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखना जरूरी है। भगत ने कहा कि टी.एस. सिंहदेव, चरणदास महंत और भूपेश बघेल जैसे वरिष्ठ नेता पार्टी की बड़ी ताकत हैं और हाईकमान जिसे उचित समझेगा, वही प्रदेश अध्यक्ष बनेगा।