रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित अशोका आईकन अपार्टमेंट में कारोबारी के घर हुई करीब 70 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात के मास्टरमाइंड घरेलू रसोइया महेन्द्र कुमार यादव और उसके साथी पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 51.50 लाख रुपये नकद सहित सोने-चांदी के जेवरात, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
परिवार के बाहर जाते ही दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, अशोका आईकन निवासी कारोबारी पंकज अग्रवाल 26 जुलाई को परिवार के साथ निजी कार्य से नया रायपुर गए थे। उस समय घर में उनका घरेलू रसोइया महेन्द्र कुमार यादव, जिसे 14 जुलाई को काम पर रखा गया था, मौजूद था।
शाम को परिवार के लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा बंद मिला, जबकि पीछे का गेट खुला था। अंदर जाकर देखा तो बेडरूम और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर अलमारी और लॉकर से 51.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब मिले। इसके बाद पंडरी थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया गया।
CCTV फुटेज से खुला पूरा मामला
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में घरेलू रसोइया महेन्द्र यादव एक बैग लेकर घर से निकलता दिखाई दिया। उसके साथ एक अन्य युवक भी नजर आया। पुलिस ने दोनों के भागने के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे पता चला कि दोनों रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस से नागपुर रवाना हो गए।

नागपुर रेलवे स्टेशन से दबोचे गए आरोपी
रायपुर पुलिस ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) नागपुर से संपर्क कर आरोपियों की जानकारी साझा की। इसके बाद नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में महेन्द्र यादव ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी पिंटू यादव के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। परिवार के घर से बाहर जाने की जानकारी का फायदा उठाकर दोनों ने नकदी और जेवरात चोरी किए। वारदात के बाद दोनों पिंटू की मोटरसाइकिल से घड़ी चौक पहुंचे, वहां बाइक पार्क कर किराए के वाहन से रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और ट्रेन से नागपुर भाग निकले।
51.50 लाख नकद सहित पूरी चोरी की संपत्ति बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी संपत्ति बरामद कर ली है। बरामद सामान में शामिल हैं—
- ₹51.50 लाख नकद
- सोने के जेवरात
- सोने की गिन्नियां और सिक्के
- चांदी का सिक्का
- पेन ड्राइव
- महत्वपूर्ण दस्तावेज
- वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन
बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹70 लाख आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- महेन्द्र कुमार यादव (22 वर्ष), निवासी आसना तरी, थाना ओडनीडेम, जिला बांका (बिहार), वर्तमान पता – अशोका आईकन, मोवा, रायपुर।
- पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव (25 वर्ष), निवासी आसना तरी, थाना ओडनीडेम, जिला बांका (बिहार), वर्तमान पता – आमासिवनी, थाना विधानसभा, रायपुर।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





