सीएम दौरे से पहले गरमाई सियासत
अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दौरे से ठीक पहले जिले में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के आधिकारिक अनावरण से पहले ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देर रात प्रतीकात्मक अनावरण कर दिया।
युवा कांग्रेस ने किया ‘प्रतीकात्मक अनावरण’
युवा कांग्रेस सरगुजा जिला अध्यक्ष विकल झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा स्थल पर नारियल फोड़कर और माल्यार्पण कर अनावरण किया। इस घटनाक्रम ने प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
भेदभाव के आरोप, प्रशासन पर उठे सवाल
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमा के लिए भव्य तैयारियां कर रहा है, जबकि चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा की अनदेखी की गई।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह शहीद का अपमान है और प्रतिमा स्थल पर पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई।
आज सीएम करेंगे दोनों प्रतिमाओं का अनावरण
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दोनों प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण करने वाले हैं। लेकिन उससे पहले हुए इस घटनाक्रम ने प्रशासनिक तैयारियों और राजनीतिक माहौल पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजनीतिक शैली पर भी उठे सवाल
इस पूरे मामले में युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष स्तर के पदाधिकारी द्वारा इस तरह की पहल किए जाने से पार्टी की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।





