सरगुजा। अंबिकापुर के डबरीपानी इलाके में वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 अवैध मकानों को बुलडोजर से ढहा दिया। जिला प्रशासन, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि डबरीपानी क्षेत्र में लंबे समय से बाहरी लोगों द्वारा वन विभाग की संरक्षित जमीन पर कब्जा कर पक्के और कच्चे मकान बना लिए गए थे। मामले की शिकायत भाजपा नेता और पार्षद आलोक दुबे ने प्रशासन से की थी। शिकायत के बाद वन विभाग ने जांच कर कार्रवाई की योजना बनाई।
शुक्रवार सुबह चार बुलडोजरों और भारी पुलिस बल के साथ संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में एक-एक कर सभी अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक कब्जाधारियों को पहले नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की।
इस कार्रवाई को लेकर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि केवल गरीब और आम नागरिकों पर कार्रवाई करना उचित नहीं है, बल्कि उन अधिकारियों और भू-माफियाओं पर भी कार्रवाई होनी चाहिए, जिन पर सरकारी जमीन बेचने के आरोप लग रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी और वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में भू-माफियाओं और कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है।





