कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सोमवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी अवकाश में जाने से पूर्व अनिवार्य रूप से अनुमति लें। आदेश का पालन नहीं करने एवं बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी बैठक में आने से पूर्व अद्यतन विभागीय जानकारी लेकर आएं तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें। उन्होंने अपार आईडी में बच्चों की शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि जिन बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बना है, उनकी सूची शिक्षा विभाग सर्वे कर संबंधित एसडीएम को उपलब्ध कराए।
उन्होंने वनाधिकार पट्टों के नामांतरण को महत्वपूर्ण बताते हुए राजस्व एवं वन विभाग को एक माह के भीतर फौती नामांतरण पूर्ण करने के निर्देश दिए। आदिवासी विकास विभाग को आश्रम छात्रावासों के निरीक्षण हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगाने तथा छात्रावासों में खेल सामग्री उपलब्ध कराने की कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
कलेक्टर ने पीडीएस दुकानों में राशन वितरण की समीक्षा करते हुए समय पर एवं व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डीएमएफ अंतर्गत रिक्त पदों की भर्ती, पीवीटीजी युवाओं को रोजगार, कलेक्टर जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत एवं पीजी पोर्टल के प्रकरणों की भी समीक्षा की।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, श्री राम सिंह ठाकुर, श्री अमृत लाल ध्रुव, नगर निगम आयुक्त श्री डी.एन. कश्यप, सभी एसडीएम एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
धान उठाव में तेजी के निर्देश
कलेक्टर श्री वसंत ने समर्थन मूल्य पर खरीदी के बाद उपार्जन केंद्रों से धान उठाव की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 28 फरवरी तक धान उठाव पूर्ण कराया जाए तथा भौतिक सत्यापन गंभीरता से किया जाए।
मैनपाट महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में मैनपाट महोत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आगमन प्रस्तावित है, इसलिए सभी तैयारियां गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर पूर्ण की जाएं।
उन्होंने विभागों को लोकार्पण-भूमिपूजन की जानकारी देने, विभागीय स्टॉल, हितग्राही सामग्री वितरण, डोम निर्माण, मंच व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कलाकारों की व्यवस्था, आमंत्रण पत्र, साज-सज्जा, लाइट, साउंड सिस्टम, पेयजल, चलित शौचालय एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।




