अंबिकापुर। शंकरगढ़ थाना में पदस्थ आरक्षक देवस राम एक्का ने कथित रूप से जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, वे राजपुर के ग्राम घोरगड़ी के निवासी थे और तीन दिन की छुट्टी लेकर घर आए थे।
बताया जा रहा है कि रायपुर से लौटने के बाद वे गांव के समीप कोटगहना जंगल पहुंचे और अपनी पत्नी को फोन कर जहर सेवन करने की जानकारी दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें पहले राजपुर अस्पताल तथा बाद में मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार आत्महत्या का कारण फिलहाल अज्ञात है। मामले की जांच जारी है।
जशपुर: जमीन विवाद में बेटे को जिंदा जलाने की कोशिश, माता-पिता समेत तीन गिरफ्तार
जशपुर। जमीन बिक्री में हिस्सेदारी की मांग को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में पिता ने अपने ही बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र की है।
पीड़िता कामना भगत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके ससुर शिवशंकर यादव ने दो वर्ष पूर्व जमीन बेची थी। हिस्से की राशि मांगने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शिवशंकर यादव ने बेटे कोशल यादव (30) पर पेट्रोल छिड़क कर माचिस जला दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना में मां चन्द्रमुनी भगत और भाई अंकुश भगत पर भी सहयोग का आरोप है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घायल का उपचार अस्पताल में जारी है।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: 126 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पोड़ी में 126 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान 88 करोड़ रुपये की लागत से 59 नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जबकि 38 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 82 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं में सड़क, भवन निर्माण, सामुदायिक सुविधाएं और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार, इन परियोजनाओं से जिले के विकास को नई गति मिलेगी।




