रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक राहत भरी व्यवस्था लागू की गई है। अब गाड़ी संख्या 18242, अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से प्रस्थान करेगी। यह निर्णय दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा लिया गया है, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने की परेशानी से निजात मिलेगी।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से रायपुर के यात्रियों द्वारा यह मांग की जा रही थी कि इस ट्रेन को प्लेटफॉर्म-1 से संचालित किया जाए। ऐसा करने से स्टेशन परिसर में अनावश्यक भीड़भाड़ और आवागमन की कठिनाइयों को कम किया जा सकेगा। यात्रियों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के कार्यालय ने मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर को पत्राचार किया। पत्र में यात्रियों को हो रही व्यावहारिक कठिनाइयों का विस्तृत उल्लेख करते हुए शीघ्र समाधान का आग्रह किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निर्णय किया और अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म 1 से प्रस्थान कराने के निर्देश जारी किए। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर इस सुविधा को लागू कर दिया।
इस नई व्यवस्था से अंबिकापुर, दुर्ग सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। विशेष रूप से बुजुर्ग यात्री, महिलाएं, बच्चे और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा सहायक सिद्ध होगी। प्लेटफॉर्म बदलने की झंझट समाप्त होने से समय की बचत के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। मंत्री ने इस नई व्यवस्था के लिए रेल यात्रियों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।





