सरगुजा/अंबिकापुर:
छत्तीसगढ़ के Ambikapur से एक बेहद दर्दनाक और संवेदनशील मामला सामने आया है। मणिपुर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में ड्यूटी के दौरान महिला गार्ड की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने इंसाफ की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, महिला गार्ड पिछले दो वर्षों से अस्पताल में कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि वह जनरेटर में डीजल भर रही थी, तभी उसकी चुन्नी मशीन में फंस गई और यह हादसा हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का आरोप, मुआवजे की मांग
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रबंधन द्वारा उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। इसी के विरोध में परिजनों ने अस्पताल के सामने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है।
मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन
प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिकारियों द्वारा परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है और मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने की कोशिश जारी है।





