अंबिकापुर। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन को लेकर अंबिकापुर में बड़ा विवाद सामने आया है, जहां भुगतान नहीं मिलने से नाराज ठेकेदारों ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। ठेकेदारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो वे आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।
प्रदर्शन कर रहे ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ साल से उनके कार्यों का भुगतान लंबित है। ठेकेदार रजनीकांत अग्रवाल समेत अन्य ने कहा कि विभागीय अधिकारी अनुबंध के नियमों में बार-बार बदलाव कर रहे हैं और भुगतान टालने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यदि 30 मार्च तक भुगतान की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो ठेकेदार संघ कार्यालय में तालाबंदी करेगा।
रजनीकांत अग्रवाल ने बताया कि लखनपुर विकासखंड के जुड़वानी गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी निर्माण, पाइपलाइन विस्तार और नल कनेक्शन का काम पूरा किया जा चुका है। पिछले 6 महीनों से टंकी से पानी सप्लाई भी हो रही है, लेकिन इसके बावजूद उनका बिल रोका गया है। उन्होंने अधिकारियों पर कमीशन मांगने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग के जिला अधिकारी ओमकार सिंह ने संबंधित उप अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि जांच कब पूरी होती है और ठेकेदारों को उनका बकाया भुगतान कब तक मिल पाता है, क्योंकि इससे न सिर्फ योजना की गति प्रभावित हो रही है बल्कि ठेकेदारों में भी भारी असंतोष देखने को मिल रहा है।






