May 19, 2026

अंबिकापुर-कोलकाता हवाई सेवा आज से शुरू, हफ्ते में दो दिन उड़ान; दिल्ली फ्लाइट भी हुई शुरू

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से कोलकाता के लिए हवाई सेवा गुरुवार से शुरू हो गई है। एलायंस एयर अब सप्ताह में दो दिन अंबिकापुर और कोलकाता के बीच उड़ान संचालित करेगी। इससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

नई फ्लाइट गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। गुरुवार को यह फ्लाइट बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर पहुंचेगी और यहां से कोलकाता के लिए रवाना होगी, जबकि शनिवार को अंबिकापुर से बिलासपुर होते हुए कोलकाता के लिए उड़ान भरेगी। इस रूट की पहली फ्लाइट गुरुवार सुबह 10:25 बजे अंबिकापुर से रवाना होगी।

एलायंस एयर ने अपने विंटर शेड्यूल में अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए नई सेवाएं जोड़ी हैं। इससे पहले 30 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर-दिल्ली फ्लाइट का वर्चुअल शुभारंभ किया था। मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा से पहली उड़ान दोपहर 12 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई थी।

अंबिकापुर से दिल्ली के लिए उड़ान सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को संचालित होगी। इस रूट का किराया करीब 6,500 रुपए तय किया गया है, जबकि अंबिकापुर-कोलकाता फ्लाइट का बेस फेयर लगभग 6,000 रुपए रखा गया है, जो बुकिंग के अनुसार बदल सकता है।

अंबिकापुर-कोलकाता फ्लाइट शेड्यूल:

गुरुवार:

  • कोलकाता से उड़ान: 7:05 बजे
  • बिलासपुर आगमन: 8:55 बजे
  • बिलासपुर से प्रस्थान: 9:20 बजे
  • अंबिकापुर आगमन: 10:00 बजे
  • अंबिकापुर से प्रस्थान: 10:25 बजे
  • कोलकाता आगमन: 12:15 बजे

शनिवार:

  • कोलकाता से प्रस्थान: 11:20 बजे
  • अंबिकापुर आगमन: 13:10 बजे
  • अंबिकापुर से प्रस्थान: 13:35 बजे
  • बिलासपुर आगमन: 14:15 बजे
  • बिलासपुर से प्रस्थान: 14:40 बजे
  • कोलकाता आगमन: 16:30 बजे

नई मांग भी उठी

अंबिकापुर से दिल्ली हवाई सेवा शुरू होने के साथ ही अब रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी रूट पर भी उड़ान शुरू करने की मांग उठी है। सांसद चिंतामणि महाराज और मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से आग्रह किया है। बताया जा रहा है कि इंडिगो के साथ भी इस रूट को लेकर चर्चा की गई है और जल्द सेवा शुरू होने की उम्मीद है।