May 14, 2026

Ambikapur News : पहाड़ी कोरवा बसाहटों में पेयजल संकट दूर करने बड़ा फैसला, 113 हैंडपंप और बोरवेल खोदे जाएंगे

अंबिकापुर जिले के सुदूर और पहाड़ी कोरवा बसाहटों में पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब इन क्षेत्रों में 113 हैंडपंप और बोरवेल की खुदाई की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में सरगुजा जिले में पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने कहा था कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सरगुजा कलेक्टर एवं जिला खनिज संस्थान न्यास अध्यक्ष अजीत वसंत ने संबंधित विभागों को एक माह के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन के अनुसार स्थलीय सर्वे पहले ही पूरा किया जा चुका है। डीएमएफ मद से लुण्ड्रा में 34, बतौली में 6, लखनपुर में 22, अंबिकापुर में 11, सीतापुर में 16, मैनपाट में 20 और उदयपुर में 4 हैंडपंप एवं बोरवेल खोदे जाएंगे।

यह निर्णय 24 अप्रैल को आयोजित जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की बैठक में लिया गया था। बैठक में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज समेत अन्य सदस्यों की सहमति से प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ को निर्देश दिए हैं कि प्राथमिकता के आधार पर तेजी से काम पूरा कर स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दूरस्थ और पहाड़ी कोरवा बस्तियों में रहने वाले लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिल सके।