अंबिकापुर। शहर के सुभाष नगर इलाके में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की घर पर खून से लथपथ लाश मिली। घटना के बाद उसकी प्रेमिका ने भी गला काटकर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। पूरा मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान मोहन पैकरा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, युवक पिछले करीब 10 वर्षों से अपनी प्रेमिका के साथ किराए के मकान में रह रहा था। बुधवार को घर में युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। वहीं, प्रेमिका ने भी अपना गला काट लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रेमिका ने बताई घटना की अलग वजह
अस्पताल में भर्ती प्रेमिका का कहना है कि उसके प्रेमी ने खुद अपना गला काटा था। इसके बाद उसे खून से लथपथ देखकर उसने भी अपना गला काट लिया। फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर के दरवाजे के पास युवक का खून से लथपथ शव मिला। घटनास्थल की दीवार पर भी खून के निशान पाए गए।
फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस प्रेमिका के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।





