सरगुजा। अंबिकापुर जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां शराब को लेकर हुए मामूली विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की लाठी-डंडे से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर के अंदर ही दफना दिया।
पूरा मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी मिथलेश कुजूर ने 9 दिन बाद खुद थाने पहुंचकर हत्या की जानकारी दी और अपना जुर्म कबूल कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी कथित रूप से डर और मानसिक दबाव में था, जिसके चलते उसने पुलिस के सामने सच्चाई उजागर कर दी।
विवाद के बाद की हत्या
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च की रात मृतक बृजलाल अपने दोस्त के घर गया था, जहां शराब पीने को लेकर विवाद हुआ। नवरात्रि के कारण मृतक ने शराब पीने से इनकार कर दिया, जिससे कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान आरोपी का मोबाइल भी टूट गया। गुस्से में आकर मिथलेश ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे बृजलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
घर में ही दफनाया शव
हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर के अंदर ही जमीन में दफना दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
ऐसे हुआ खुलासा
घटना के 9 दिन बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम तथा तहसीलदार की मौजूदगी में जमीन खोदकर शव को बाहर निकाला गया।
जांच जारी
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसकी पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।





