अंबिकापुर। अंबिकापुर के गोधनपुर स्थित वसुंधरा विहार कॉलोनी में ठेकेदार के सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 7 लाख रुपए का सामान पार कर दिया।
वसुंधरा विहार निवासी निशान हैदर 12 फरवरी को घर में ताला लगाकर निजी कार्य से बिलासपुर गए थे। 15 फरवरी को लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने तीन अलमारियों का लॉक तोड़कर लगभग 6 लाख रुपए के जेवरात, बनारसी साड़ी और कांस के बर्तन सहित कुल 7 लाख का सामान चोरी कर लिया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने ऑनलाइन सर्वर बाधित होने की बात कहकर लौटा दिया।
चलती कार में स्टंट: 3 नाबालिग हिरासत में
शहर के नवापारा चर्च रोड में चलती कार में खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के निर्देश पर एक कार जब्त की गई और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।
बताया जा रहा है कि सभी कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्र हैं। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि नाबालिगों को वाहन की चाबी न दें और स्कूल प्रबंधन से भी सख्ती बरतने को कहा है।
20 लाख की लूट का खुलासा, पुलिस टीम सम्मानित
28 दिसंबर को व्यापारी अनिल अग्रवाल से सत्तीपारा कैलाश मोड़ के पास 20 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया गया था। मामले में सरगुजा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों दीपक दास और रोहित दास को गिरफ्तार कर रकम और बाइक बरामद की।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को सम्मानित किया। कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई।
युवाओं के लिए रोजगार का मौका
सरगुजा संभाग में 16 और 17 फरवरी 2026 को संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी erojgar.cg.gov.in पोर्टल या छत्तीसगढ़ रोजगार एप पर पंजीयन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय जशपुर से संपर्क किया जा सकता है।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण
जशपुर में ‘नवसंकल्प’ के तहत CGPSC 2027, सहायक शिक्षक भर्ती, व्यापम और अन्य परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क (आवासीय एवं डे-स्कॉलर) प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2026 है। प्रवेश परीक्षा 23 फरवरी और इंटरव्यू 25 से 28 फरवरी तक आयोजित होंगे। चयनित 50 अभ्यर्थियों को हॉस्टल सुविधा दी जाएगी।




