अंबिकापुर। शहर के गांधी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशुनपुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी से बुधवार रात 15 अपचारी बालक फरार हो गए। फरार होने से पहले किशोरों ने ड्यूटी पर मौजूद एक गार्ड पर हमला किया और परिसर की दीवार लांघकर भाग निकले।
सूचना मिलते ही गांधी नगर पुलिस ने देर रात सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अब तक पांच अपचारी बालकों को पकड़ा जा चुका है, जबकि 10 अन्य की तलाश जारी है।
क्षमता से अधिक थे निरुद्ध
जानकारी के अनुसार बिशुनपुर में गंभीर अपराधों में निरुद्ध किशोरों के लिए 25 क्षमता वाला प्लेस ऑफ सेफ्टी संचालित है। घटना के समय यहां 26 किशोर रखे गए थे।
बुधवार रात लगभग 9 बजे भोजन के बाद किशोरों को उनके कक्षों में ले जाया जा रहा था, तभी कुछ बालकों ने अचानक गार्ड पर हमला कर दिया और दीवार फांदकर फरार हो गए।
तीन गार्ड तैनात, एक पर हमला
प्लेस ऑफ सेफ्टी के हाउस फादर भानू प्रताप के मुताबिक रात में तीन सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर थे। हमला कर 15 किशोर भाग निकले। अन्य दो गार्ड मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वे परिसर से बाहर निकल चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
तीन पकड़े गए, दो लौटे
देर रात पुलिस ने तीन फरार किशोरों को पकड़ लिया, जबकि दो स्वयं ही वापस प्लेस ऑफ सेफ्टी लौट आए। शेष 10 की तलाश जारी है। फरार किशोर कोरिया जिला, सूरजपुर जिला, बलरामपुर जिला और सरगुजा जिला के निवासी बताए जा रहे हैं।
गंभीर अपराधों में निरुद्ध
प्लेस ऑफ सेफ्टी में 14 से 18 वर्ष से कम आयु के वे किशोर रखे जाते हैं, जो हत्या, चोरी और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त पाए गए हों। 18 वर्ष पूर्ण होने पर इन्हें सेंट्रल जेल स्थानांतरित किया जाता है।
इससे पहले बाल संरक्षण गृह से किशोरों के फरार होने की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन प्लेस ऑफ सेफ्टी से सामूहिक रूप से इस तरह भागने की यह पहली घटना मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार किशोरों की तलाश जारी है।





