सरगुजा। अंबिकापुर पुलिस को वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ओमनी कार से अवैध रूप से ले जाए जा रहे 760 मोबाइल फोन और करीब 95 किलो चांदी जब्त करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 110 स्मार्टफोन, 650 कीपैड मोबाइल, 95.500 किलोग्राम चांदी की पायल और एक ओमनी कार बरामद की गई है। जब्त सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल होते थे मोबाइल
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मोबाइल फोन का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड और ठगी के मामलों में करते थे। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और अलग-अलग राज्यों में ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के निवासी
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मोबाइल और चांदी कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
महासमुंद में भी पकड़ा गया था करोड़ों का सोना
इससे पहले महासमुंद जिले में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान गुजरात पासिंग कार से 9 करोड़ 27 लाख रुपये के सोने के आभूषण जब्त किए थे।
Singhoda Police Station क्षेत्र के रेहटीखोल चेकपोस्ट पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने कार की पिछली सीट के नीचे बने गुप्त चैंबर से 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए थे।
मामले में गुजरात के राजकोट निवासी तीन लोगों को हिरासत में लिया गया था। बाद में पूरे मामले की जांच आयकर विभाग और डीआरआई को सौंप दी गई।





