रायपुर। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने अंबिकापुर में हुई दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर राज्य सरकार पर कड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर आज रो रहा है और हर संवेदनशील आंख शर्म से झुकी हुई है। “हमारी अंबिकापुर की एक बेटी के साथ दुष्कर्म और उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। यह हैवानियत दिल्ली के निर्भया कांड जैसी है,” उन्होंने कहा।
सिंहदेव ने आरोप लगाया कि यह अपराध राज्य सरकार की नाकामी का प्रतीक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर का सबसे व्यस्त इलाका भी सुरक्षित नहीं है, तो सरकार किस बात का शासन चला रही है। उनका कहना था कि कानून और व्यवस्था पूरी तरह से विफल है और अपराधी खुलेआम दरिंदगी कर रहे हैं।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने मृत्युदंड और फास्ट ट्रैक सुनवाई की मांग की, ताकि दोषियों को कड़ी और मिसाल बनाने वाली सज़ा दी जा सके। उन्होंने कहा, “यह हर बेटी की सुरक्षा की लड़ाई है। न्याय में देरी अब बर्दाश्त नहीं होगी। जो हुआ उसे भुलाया या दबाया नहीं जाएगा।”





