भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (युवा कार्यक्रम विभाग) के तत्वावधान में ‘माई भारत पोर्टल’ के अंतर्गत आयोजित ‘माई भारत बजट क्वेस्ट 2026’ के प्रथम चरण की प्रदेश स्तरीय ऑनलाइन बैठक का आयोजन किया गया। लोकभवन, रायपुर से संचालित इस बैठक में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा अंबिकापुर के छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विश्वविद्यालय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘माई भारत’ पोर्टल युवाओं को राष्ट्र के आर्थिक विमर्श एवं नीति निर्माण की प्रक्रियाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
प्रतियोगिता के तीन चरण
‘बजट क्वेस्ट 2026’ का उद्देश्य युवाओं की भागीदारी के माध्यम से केंद्रीय बजट और नागरिकों के दैनिक जीवन के बीच की दूरी को कम करना है।
- प्रथम चरण (ऑनलाइन क्विज): बजट प्रावधानों की बुनियादी जानकारी पर आधारित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग के 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कर सहभागिता की और प्रमाण पत्र प्राप्त किए।
- द्वितीय चरण (निबंध प्रतियोगिता): प्रथम चरण में चयनित प्रतिभागी राज्य एवं केंद्र स्तर की निबंध प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
- तृतीय चरण (आभासी संवाद): अंतिम विजेताओं को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ आभासी संवाद का अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन युवाओं की सक्रिय भागीदारी के संकल्प के साथ किया गया।




