May 19, 2026

सरगुजा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-कार टक्कर में 3 की मौत, एक गंभीर घायल

अंबिकापुर के सरगुजा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार ट्रक और कार की भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह हादसा गांधीनगर थाना क्षेत्र के सकालो जंगल के पास हुआ। जानकारी के अनुसार ट्रक प्रतापपुर की ओर से आ रही थी, जबकि कार अंबिकापुर की दिशा में जा रही थी, जिसमें चार लोग सवार थे।

इसी दौरान ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं।

हादसे में घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।