May 15, 2026

सरगुजिया भाषा पर विवाद: बच्चे को एडमिशन से इनकार करने पर स्कूल बंद, 1 लाख जुर्माना

अंबिकापुर। सरगुजिया भाषा बोलने पर बच्चे को एडमिशन देने से इनकार करने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने सौरंग किड्स एकेडमी को आगामी आदेश तक बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही स्कूल प्रबंधन पर 1 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।

डेमो क्लास के बाद एडमिशन से किया इनकार
अभिभावकों का आरोप है कि उनके बच्चे को एक सप्ताह तक डेमो क्लास में रखा गया, लेकिन बाद में यह कहकर एडमिशन देने से मना कर दिया गया कि बच्चा सरगुजिया भाषा बोलता है। स्कूल प्रबंधन का तर्क था कि इससे अन्य बच्चे प्रभावित हो सकते हैं, जिस पर परिजनों ने कड़ी आपत्ति जताई।

मामले ने पकड़ा तूल, बढ़ा आक्रोश
घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई। इसे क्षेत्रीय भाषा और संस्कृति के अपमान से जोड़कर देखा गया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी।

कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत ने शिक्षा विभाग को जांच के निर्देश दिए थे। वहीं, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने भी जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की बात कही थी।

जांच में आरोप सही, हुई कार्रवाई
प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद डीईओ ने स्कूल को बंद करने और आर्थिक दंड लगाने की कार्रवाई की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह के भेदभाव को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।