अंबिकापुर, 06 फरवरी 2026: नगर पालिका निगम अंबिकापुर द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और तिराहों पर स्थापित ट्रैफिक सिग्नलों के आसपास लगे विज्ञापन पोस्टर, बैनर और होर्डिंग हटाने के लिए आज एक विशेष अभियान चलाया गया।
ज्ञात हो कि निगम ने 03 जनवरी 2024 को समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशन के माध्यम से रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित कर, निर्धारित प्रक्रिया के तहत ट्रैफिक सिग्नलों पर विज्ञापन प्रदर्शन, स्थापना, संचालन एवं संधारण का कार्य एजेंसी राघव एडवरटाइजिंग, रायपुर को प्रदान किया था। शर्तों के अनुसार, प्रति चौक 14,251 रुपए वार्षिक विज्ञापन शुल्क निगम में जमा करते हुए ट्रैफिक सिग्नलों की स्थापना एवं संधारण का कार्य किया जा रहा है।
नगर निगम कमिश्नर श्री डी एन कश्यप ने बताया कि शहर के ट्रैफिक सिग्नल स्थलों पर समय-समय पर विज्ञापन सामग्री हटाने की कार्रवाई की जाती है। इसी क्रम में आज पुनः विशेष अभियान चलाकर चौक-चौराहों से सभी बैनर, पोस्टर और होर्डिंग हटाने का कार्य किया गया।
निगम प्रशासन ने नागरिकों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और विज्ञापन एजेंसियों से अपील की है कि बिना अनुमति किसी भी सार्वजनिक स्थल पर पोस्टर, बैनर या होर्डिंग न लगाएं। नियम उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।




