July 23, 2026

अमित जोगी के नाम से वायरल फर्जी बकरीद पोस्टर पर बवाल, बोले- समाज में नफरत फैलाने की साजिश

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित बकरीद शुभकामना पोस्टर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वायरल पोस्टर में बकरीद की बधाई के साथ गाय की तस्वीर दिखाई गई थी, जिस पर स्थानीय हिंदूवादी संगठनों ने नाराजगी जताते हुए विरोध दर्ज कराया।

विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने खुद सामने आकर पूरे मामले पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ऐसी कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं की गई है। शरारती तत्वों ने उनकी मूल पोस्ट के साथ छेड़छाड़ कर फर्जी पोस्टर तैयार कर वायरल किया है।

अमित जोगी ने कहा कि उन्होंने ईद के अवसर पर केवल सामान्य शुभकामना संदेश पोस्ट किया था, जो अब भी उनके फेसबुक पेज पर मौजूद है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जाकर वास्तविक पोस्ट देख सकता है। जोगी ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ के आपसी भाईचारे और शांति को धर्म और जाति के नाम पर तोड़ने की साजिश की जा रही है।

उन्होंने फर्जी पोस्टर बनाने और उसे वायरल करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। अमित जोगी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही उनकी पार्टी के कार्यकर्ता संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की तैयारी में जुट गए हैं, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।