रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी ने CMC वेल्लोर से अपना मेडिकल अपडेट साझा किया है। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह उन्होंने अस्पताल में संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिसके परिणाम बेहद संतोषजनक रहे। जोगी ने अपनी बेहतर स्वास्थ्य स्थिति का श्रेय डॉक्टरों, नर्सों, चिकित्सा विज्ञान और परमेश्वर की कृपा को दिया है।
100 किलो से घटकर 63 किलो हुआ वजन
अमित जोगी ने बताया कि उनका वजन 100 किलो से घटकर 63 किलो हो गया है। उन्होंने दावा किया कि अब उन्हें उच्च रक्तचाप, फैटी लिवर, अल्सर, बवासीर, अवसाद और अनिद्रा जैसी पहले की समस्याएं नहीं हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने शराब और धूम्रपान पूरी तरह छोड़ दिया है और उनका हृदय स्वस्थ है।
सिर्फ दो दवाइयां जारी
जोगी के मुताबिक, पहले चल रही उनकी अधिकांश दवाइयां अब बंद हो चुकी हैं। फिलहाल वह केवल दो दवाइयां ले रहे हैं। डॉक्टरों की निगरानी में अगले 3 से 6 महीनों के दौरान इन्हें भी धीरे-धीरे कम करके बंद करने की योजना है।
डॉक्टरों और परिवार का जताया आभार
अमित जोगी ने कहा कि वह अपनी बेहतर स्वास्थ्य स्थिति को अपनी उपलब्धि नहीं मानते। उन्होंने इसे परमेश्वर की कृपा बताया। उन्होंने इलाज में सहयोग करने वाले डॉक्टरों, नर्सों और चिकित्सा विज्ञान के साथ अपनी मां, रिचा और देखभाल करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
बोले- जीवन में नई शुरुआत महसूस कर रहा हूं
अपने संदेश में अमित जोगी ने ‘पूंडी का बेराका’ को जीवन का विशेष मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि Berachah का अर्थ आशीष है और उनके लिए यह बिना कमाए मिला हुआ परमेश्वर का वरदान है।
जोगी ने कहा कि वह अब अपने जीवन में आत्मा, मन और शरीर के स्तर पर एक नई शुरुआत महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अपने स्वास्थ्य में हुए बदलाव को लेकर कहा कि उनके पास गर्व करने के लिए कुछ नहीं, बल्कि धन्यवाद करने के लिए सब कुछ है।





