रायपुर। NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर नई दिल्ली में जारी आंदोलन को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने समर्थन दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आंदोलन स्थल पहुंचे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन में शामिल हुए।
इस दौरान अमित जोगी ने पिछले 19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने वांगचुक के साहस, संघर्ष और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग का समर्थन करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके से भी मुलाकात की।
शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी – अमित जोगी
अमित जोगी ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है। यदि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो इससे युवाओं का भरोसा कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।
सरकार छात्रों की मांगों पर करे गंभीर विचार
अमित जोगी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण आंदोलन जनता की आवाज़ है। सरकार को विद्यार्थियों और आंदोलनकारियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उचित निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) हमेशा छात्रों, युवाओं और उनके अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।





