March 4, 2026

अमित शाह की अध्यक्षता में रायपुर में बैठक, नक्सलवाद और बस्तर विकास पर हुई समीक्षा

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में रायपुर में वामपंथी उग्रवाद (LWE), छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की वर्तमान स्थिति और बस्तर के विकास को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में नक्सल नेटवर्क तोड़ने, आत्मसमर्पण को बढ़ावा देने और प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

नया रायपुर स्थित होटल में हुई इस समीक्षा बैठक में बस्तर को आदिवासी संभाग बनाने के प्रस्ताव पर भी मंथन किया गया। इसके साथ ही नक्सल प्रभावित इलाकों में सड़क, संचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की रणनीति पर जोर दिया गया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समयसीमा में परिणाम लाने के निर्देश दिए। बैठक में नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगाने, सुरक्षा बलों के समन्वय को बेहतर करने और स्थानीय युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष फोकस किया गया।

बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के निदेशक, गृह मंत्रालय के विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा), CRPF, BSF, ITBP के वरिष्ठ अधिकारी, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के महानिदेशक सहित छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड और तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक मौजूद रहे।

अधिकारियों ने क्षेत्रीय सुरक्षा हालात, चल रहे अभियानों और भविष्य की रणनीति पर प्रस्तुति दी, ताकि छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने के लक्ष्य को समय पर हासिल किया जा सके।