जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah की अध्यक्षता में आज बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कहा कि बस्तर में अब भय का माहौल खत्म हो चुका है और क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कभी बंदूकों के साए में जीने वाला बस्तर आज चैन की सांस ले रहा है। शाह ने दावा किया कि बस्तर अब नक्सल मुक्त हो चुका है और यहां विकास की नई शुरुआत हो रही है।
कांग्रेस सरकार पर लगाया सहयोग नहीं करने का आरोप
गृहमंत्री ने कहा कि नक्सल उन्मूलन अभियान में कई गैर-भाजपा सरकारों ने केंद्र का सहयोग किया, लेकिन छत्तीसगढ़ की पूर्व कांग्रेस सरकार ने सहयोग नहीं किया। उन्होंने 13 दिसंबर 2023 को छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने को अभियान का अहम मोड़ बताया।
उन्होंने बताया कि 24 अगस्त 2024 को सभी राज्यों के डीजीपी की बैठक में “नक्सल मुक्त भारत” का संकल्प लिया गया था। वहीं 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य तय किया गया।
सुरक्षा कैंप बनेंगे ‘वीर शहीद गुण्डाधुर सेवा डेरा’
अमित शाह ने कहा कि बस्तर जैसे बड़े इलाके को नक्सल मुक्त बनाने के लिए करीब 200 सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए। इनमें सीआरपीएफ, डीआरजी और एसटीएफ के जवान तैनात रहे।
उन्होंने बताया कि इनमें से लगभग 70 कैंपों को अब “वीर शहीद गुण्डाधुर सेवा डेरा” में बदला जा रहा है। यहां बैंकिंग, आधार केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर, स्वास्थ्य सेवाएं, प्राथमिक स्कूल और सरकारी योजनाओं की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।
बस्तर में बनेगा बड़ा डेयरी नेटवर्क
गृहमंत्री ने कहा कि अब आदिवासी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। सरकार महिलाओं को गाय और भैंस उपलब्ध कराएगी और उन्हें पशुपालन से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगले 6 महीने में बस्तर में बड़ा डेयरी नेटवर्क तैयार किया जाएगा। साथ ही महिलाओं को सिलाई मशीन प्रशिक्षण देकर रोजगार से भी जोड़ा जाएगा।
सड़क, मोबाइल टावर और बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार
अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने 20 हजार 557 करोड़ रुपये की लागत से 12 हजार 211 किलोमीटर सड़क निर्माण का काम पूरा किया है।
उन्होंने बताया कि 13 हजार मोबाइल टावर लगाने की योजना में से 5 हजार टावर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 1804 बैंक शाखाएं, 1321 एटीएम और 800 पोस्ट ऑफिस शुरू किए जा चुके हैं।
जगदलपुर में बनेगा 240 बिस्तरों का अस्पताल
गृहमंत्री ने कहा कि बस्तर में 259 एकलव्य स्कूल, 46 आईटीआई और 49 स्किल डेवलपमेंट सेंटर शुरू किए जा चुके हैं। युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जगदलपुर में 240 बिस्तरों वाले अस्पताल का भूमिपूजन भी किया गया है।
बस्तर ओलंपिक से युवाओं को खेलों से जोड़ने की पहल
अमित शाह ने कहा कि आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक के दूसरे आयोजन में 3 लाख 64 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भी भागीदारी की।
“सुरक्षा से विकास और विकास से समृद्धि”
गृहमंत्री ने कहा कि गृह मंत्रालय ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए वैज्ञानिक रोडमैप तैयार किया है। उन्होंने कहा कि “सुरक्षा से विकास और विकास से समृद्धि तक पहुंचना ही असली नक्सलमुक्ति है।”
इस दौरान मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai और उपमुख्यमंत्री Vijay Sharma भी मौजूद रहे।





