रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले की युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास को उनके आगामी माउंट एवरेस्ट अभियान के लिए शुभकामनाएं दी हैं। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उनके साहस और संकल्प की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमिता श्रीवास आगामी 9 अप्रैल को विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के लक्ष्य के साथ काठमांडू के लिए रवाना हो रही हैं। उन्होंने इस अभियान को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं, साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि अमिता का यह प्रयास इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिला रही हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि अमिता श्रीवास वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माउंट किलिमंजारो फतह कर चुकी हैं, जो उनकी क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है। उनका यह सफर प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास जताया कि अमिता अपने इस अभियान में सफलता प्राप्त कर विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराएंगी और प्रदेश सहित पूरे देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से अमिता को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





