May 15, 2026

अमलीडीह फ्लाईओवर पर सर्विस रोड निर्माण को लेकर पहल, डॉ. रमन सिंह ने डिप्टी CM को लिखा पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अमलीडीह फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड निर्माण की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।

डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में बताया कि रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि अमलीडीह फ्लाईओवर में चढ़ने और उतरने के लिए तीन दिशाओं में सामान्य सड़कें बनी हुई हैं, लेकिन खुशी-वाटिका कॉलोनी की ओर पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण मार्ग का निर्माण अब तक नहीं हो पाया है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि मौजूदा तीनों मार्गों का तत्काल उन्नयन किया जाए और खुशी-वाटिका की ओर सर्विस रोड निर्माण में आ रही समस्याओं का समाधान नगर निगम, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कॉलोनी के पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर निकाला जाए।

पत्र में यह भी कहा गया है कि अमलीडीह फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड बनने से देवेंद्रनगर, शंकरनगर, फाफाडीह, उरला, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। इसके साथ ही वीआईपी रोड और अमलीडीह मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बचेंगे।

डॉ. रमन सिंह ने जनहित को ध्यान में रखते हुए अमलीडीह फ्लाईओवर के चारों दिशाओं में सर्विस रोड की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उप मुख्यमंत्री से आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।