May 17, 2026

अमृतधारा महोत्सव 2026: सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व, प्रशासन ने तेज की तैयारियां

अमृतधारा महोत्सव 2026 का आयोजन 15 फरवरी 2026 को प्रस्तावित है। महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों के आगमन की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने महोत्सव की समस्त व्यवस्थाओं के लिए अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता आनंद डोंगरे को नोडल अधिकारी तथा लिंगराज सिदार, संयुक्त कलेक्टर एवं एसडीएम मनेन्द्रगढ़ को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

जारी आदेश के अनुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं एपीओ मनरेगा को स्टॉल आबंटन, हितग्राहियों को सामग्री वितरण का दायित्व दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को कानून व्यवस्था, रूट चार्ट, पार्किंग, यातायात, मुख्य मंच एवं कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था सौंपी गई है।

संयुक्त कलेक्टर, एसडीएम मनेन्द्रगढ़ एवं केल्हारी, लोक निर्माण विभाग, उद्यानिकी तथा पर्यटन विभाग को मंच व्यवस्था, बैनर, फ्लैक्स, पुष्प सज्जा, ग्रीन रूम, बैरीकेटिंग, टेंट, रैम्प और समतलीकरण की जिम्मेदारी दी गई है। वन विभाग को बांस-बल्ली और फॉरेस्ट रेस्ट हाउस की व्यवस्था सौंपी गई है।

विद्युत विभाग, पीडब्ल्यूडी (ईएम), ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन, लाइटिंग और जनरेटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को आमंत्रण पत्र प्रिंट कराने तथा परिवहन अधिकारी को प्रोटोकॉल और कलाकारों के परिवहन की जिम्मेदारी दी गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एंबुलेंस, मेडिकल टीम, मास्क-सैनिटाइजर की व्यवस्था, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल व्यवस्था, नगर निगम एवं जनपद पंचायत को साफ-सफाई, शौचालय एवं फायर ब्रिगेड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा खाद्य विभाग को भोजन व्यवस्था, पीएमजीएसवाई को स्मृति चिन्ह, जनसंपर्क विभाग को मीडिया समन्वय व प्रचार-प्रसार, उद्यानिकी विभाग को पुष्प सज्जा तथा आईसीडीएस को रंगोली एवं दर्शक दीर्घा व्यवस्था का दायित्व दिया गया है।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं ताकि अमृतधारा महोत्सव 2026 का आयोजन भव्य और सफल बनाया जा सके।