July 27, 2026

आंध्रप्रदेश में 5 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, बस्तर ऑपरेशन का दिखा असर

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर क्षेत्र में चल रहे सुरक्षा अभियानों का असर अब पड़ोसी राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। आंध्रप्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) से जुड़े 5 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें एक डीवीसीएम रैंक का सदस्य, तीन एसीएम/पीपीसीएम रैंक के सदस्य और एक कैडर शामिल है, जिन पर लाखों रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधीक्षक अमित बरदार के अनुसार, ऑपरेशन कागर सहित हालिया सुरक्षा उपायों के बढ़ते दबाव के चलते नक्सलियों ने स्वेच्छा से आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने बताया कि डीवीसीएम रैंक के सदस्य पर 3 लाख रुपये और एसीएम रैंक के सदस्यों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। ये सभी नक्सली संगठन पीएलजीए के सक्रिय सदस्य रहे हैं और सीमावर्ती राज्यों में गतिविधियां संचालित कर रहे थे।

सूत्रों के अनुसार, बस्तर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार चल रहे एंटी-नक्सल ऑपरेशन का सीधा प्रभाव अब अन्य राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती और सरकार की पुनर्वास नीति के कारण नक्सलियों के मनोबल पर असर पड़ा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के आत्मसमर्पण न केवल संख्या के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि संगठन के ढांचे पर मनोवैज्ञानिक दबाव भी बनाते हैं। आने वाले समय में ऐसे और सरेंडर होने की संभावना जताई जा रही है।