May 18, 2026

नाबालिग की अश्लील फोटो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, छत्तीसगढ़ से पकड़ा गया

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने नाबालिग की अश्लील फोटो और मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से पकड़ा गया है।

मोती उर रहमान ने बताया कि 17 वर्षीय नाबालिग और उसके परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर उसके अश्लील फोटो मोबाइल नंबर के साथ वायरल किए गए हैं। पोस्ट में आपत्तिजनक संदेश लिखकर लड़की को बदनाम करने की कोशिश की गई थी, जिससे परिवार परेशान हो गया था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67 और 67ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान अरविंद जैन के नेतृत्व में टीम ने इंस्टाग्राम आईडी ट्रेस कर आरोपी उत्तरा कुमार उर्फ उदय केवट (34) को जांजगीर-चांपा के ग्राम गतवा से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जम्मू-कश्मीर के कठुआ में नौकरी करता था, जहां उसकी पहचान नाबालिग से हुई थी। जब लड़की ने बातचीत बंद कर दी, तो नाराज होकर उसने अश्लील फोटो और मैसेज सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए।

पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल स्मार्टफोन और दो सिम कार्ड जब्त किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी महिला या बालिका की अश्लील सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल की जाती है, तो तुरंत पुलिस में शिकायत करें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।