Anuppur। जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सामने चल रहे डीजल से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार महिला सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार शहडोल से मनेंद्रगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान सलीम ढाबा के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली, जिसमें चार ड्रम डीजल भरा हुआ था, से तेज रफ्तार कार पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खेत में जा घुसी।
इस हादसे में कार चालक 40 वर्षीय दुलारे शर्मा और गीता पनिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार अन्य दो लोग—64 वर्षीय हरिशंकर चतुर्वेदी और 33 वर्षीय मीना देवांगन—गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मनेंद्रगढ़, छत्तीसगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों और डीजल को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





