July 23, 2026

बरमकेला अपेक्स बैंक में 18.13 करोड़ का गबन, 8 कर्मचारी बर्खास्त; EOW करेगी जांच

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) की बरमकेला शाखा में 18.13 करोड़ रुपये के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। बैंक प्रबंधन की जांच में खुलासा हुआ है कि अप्रैल 2021 से नवंबर 2024 के बीच शाखा के कर्मचारियों ने समितियों के खातों और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खातों में अनधिकृत लेन-देन कर करोड़ों रुपये का गबन किया।

मामले में बैंक प्रबंधन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 8 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदार नाथ गुप्ता के अनुसार, बरमकेला शाखा में समितियों के खातों को नामे कर डीएमआर खातों के माध्यम से नियम विरुद्ध ट्रांजेक्शन किए गए। इसके अलावा केसीसी खातों से भी अनधिकृत राशि अंतरण कर कुल 18.13 करोड़ रुपये का गबन किया गया।

8 कर्मचारियों पर कार्रवाई, एफआईआर पहले ही दर्ज

गबन मामले में शामिल कुल 8 कर्मचारियों के खिलाफ 4 मई 2025 को थाना बरमकेला में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। विशेष ऑडिट और उच्च स्तरीय जांच के बाद दोषी पाए गए तीन नियमित कर्मचारियों—शाखा प्रबंधक डीआर वाघमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी और लिपिक आशीष कुमार पटेल—को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

वहीं आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत पांच कर्मचारियों लिकेश कुमार बैरागी, रमाकांत श्रीवास, अरुण चंद्राकर, खीरदास महंत और बालकृष्ण कर्ष को भी नौकरी से हटा दिया गया है। बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों से नियमानुसार गबन की राशि की वसूली भी की जाएगी।

EOW करेगी मामले की जांच

केदार नाथ गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच के लिए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) से सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। जल्द ही EOW की टीम जांच शुरू कर पूरे मामले की तह तक पहुंचेगी।

सहकारी बैंकों में पारदर्शिता बढ़ाने की पहल

गबन और किसानों के नाम पर फर्जी ऋण की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सहकारी बैंकिंग व्यवस्था में कई सुधार किए जा रहे हैं। ई-केसीसी पोर्टल के जरिए ऋण वितरण में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही बैंकिंग निरीक्षण और ऑडिट व्यवस्था को भी और अधिक सख्त बनाया जा रहा है।

1451 समिति प्रबंधकों की भर्ती को मंजूरी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर अपेक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के लिए 1451 समिति प्रबंधक (नवीन संवर्ग) पदों की भर्ती को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी सेवाओं के विस्तार के लिए 515 नई पैक्स समितियों के गठन की प्रक्रिया भी जारी है।

बैंक के मुनाफे में भी बढ़ोतरी

अपेक्स बैंक के मुताबिक वित्तीय अनियमितताओं पर सख्ती और निगरानी बढ़ाने के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2024-25 में बैंक का शुद्ध लाभ 38.99 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 40.86 करोड़ रुपये पहुंच गया है।