July 31, 2026

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 12 जुलाई तक करें अप्लाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 12 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई निर्धारित थी।

योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी एवं प्रतिभाशाली बच्चों को राज्य के चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत विद्यार्थियों की पढ़ाई, छात्रावास, भोजन, गणवेश, लेखन सामग्री सहित अन्य आवश्यक खर्च का पूरा वहन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा किया जाएगा।

मंडल ने अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आवेदन की समय-सीमा बढ़ाई है। पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपने पात्र बच्चों का आवेदन निर्धारित तिथि तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन करने की अपील की गई है।

इच्छुक अभ्यर्थी श्रम विभाग के पोर्टल, श्रमेव जयते ऐप, निकटतम श्रम कार्यालय और लोक सेवा केंद्र के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।