July 30, 2026

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के लिए आवेदन शुरू, श्रमिकों के बच्चों को मिलेगी निजी आवासीय स्कूलों में मुफ्त शिक्षा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रतिभावान बच्चों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को राज्य के चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक अध्ययन की सुविधा प्रदान की जाएगी।

योजना की विशेषता यह है कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक फीस, छात्रावास, भोजन, गणवेश, लेखन सामग्री और अन्य आवश्यक खर्चों का पूरा वहन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा किया जाएगा। इससे श्रमिक परिवारों को बच्चों की शिक्षा पर होने वाले आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा।

राज्य सरकार का मानना है कि प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए। इसी सोच के अनुरूप विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कमजोर और श्रमिक वर्ग के परिवारों को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

योजना का लाभ लेने के लिए पात्र और पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को श्रम विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 3 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन की सुविधा श्रम विभाग के पोर्टल, निकटतम श्रम कार्यालय, लोक सेवा केंद्र और श्रमेव जयते एप के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार इस योजना का लाभ उठा सकें।

सरकार का कहना है कि यह योजना न केवल श्रमिक परिवारों के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने के लिए सक्षम बनाते हुए सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।