May 19, 2026

1 अप्रैल से बड़े बदलाव लागू: टैक्स सिस्टम नया, टोल कैश बंद, पेट्रोल-शराब महंगी, प्रॉपर्टी रजिस्ट्री सस्ती

रायपुर। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ 1 अप्रैल से देशभर में कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाला है। जहां एक ओर टैक्स सिस्टम में बदलाव किया गया है, वहीं टोल भुगतान पूरी तरह डिजिटल कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और शराब महंगी हो गई है, जबकि प्रॉपर्टी रजिस्ट्री सस्ती हुई है।

छत्तीसगढ़ में क्या बदला?

  • स्टाम्प ड्यूटी पर 12% सरचार्ज खत्म होने से जमीन की रजिस्ट्री सस्ती
  • विदेशी शराब और बियर के दाम में बढ़ोतरी
  • पेट्रोल ₹1 प्रति लीटर महंगा
  • टोल टैक्स अब केवल FASTag या UPI से
  • कॉमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा (रायपुर में करीब ₹2300)

टैक्स सिस्टम में बड़ा बदलाव

1 अप्रैल से नया इनकम टैक्स सिस्टम लागू किया गया है, जिससे टैक्स प्रक्रिया को सरल बनाने की कोशिश की गई है। अब ‘फाइनेंशियल ईयर’ और ‘असेसमेंट ईयर’ की जगह सिर्फ ‘टैक्स वर्ष’ लागू होगा।

साथ ही, ITR-3 और ITR-4 दाखिल करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी गई है, जिससे करदाताओं को राहत मिलेगी।

टोल प्लाजा पर कैश खत्म

अब देशभर के टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया है। टोल का भुगतान सिर्फ FASTag या UPI से ही होगा। बिना बैलेंस या FASTag के यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।

रेल यात्रियों के लिए नया नियम

ट्रेन टिकट कैंसिलेशन नियमों में बदलाव किया गया है। अब ट्रेन छूटने से कम से कम 8 घंटे पहले टिकट रद्द करने पर ही रिफंड मिलेगा। पहले यह सीमा 4 घंटे थी।

गैस सिलेंडर महंगा

तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम ₹200 से ज्यादा बढ़ा दिए हैं।

  • दिल्ली: ₹2078.50
  • चेन्नई: ₹2246.50
  • रायपुर: करीब ₹2300

इससे होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग सेवाएं महंगी हो सकती हैं।

शराब के नए रेट (उदाहरण)

  • आइकॉन प्रीमियम व्हिस्की: ₹440 → ₹480
  • रॉयल स्टैग: ₹780 → ₹840
  • ब्लेंडर्स प्राइड: ₹1150 → ₹1240
  • किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर: ₹180 → ₹200
  • बडवाइजर मैग्नम: ₹220 → ₹240

1 अप्रैल से लागू ये बदलाव आम लोगों की जिंदगी पर सीधा असर डालेंगे। जहां कुछ फैसलों से राहत मिली है, वहीं कई चीजें महंगी होने से खर्च बढ़ना तय है।