सोनकर समाज के सामुदायिक भवन को जेसीबी से तोड़ा
आरंग। आरंग नगर पालिका क्षेत्र में सामाजिक समरसता को प्रभावित करने वाली घटना सामने आई है। नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 3 में सोनकर समाज द्वारा जनसहयोग से बनाए जा रहे सामुदायिक भवन को जेसीबी से तोड़ दिया गया। इस मामले में समाज के लोगों की शिकायत पर पुलिस ने अविनाश उर्फ विक्की साहू और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
3400 वर्गफीट में बन रहा था सामुदायिक भवन
आरंग। मिली जानकारी के अनुसार सोनकर समाज आरंग राज द्वारा सामाजिक चंदे से लगभग 3400 वर्गफीट क्षेत्र में सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण कार्य प्लिंथ लेवल यानी जमीन से लगभग 4 फीट ऊपर तक पूरा हो चुका था। आरोप है कि 12 मार्च की रात अविनाश साहू उर्फ विक्की अपने साथियों के साथ जेसीबी लेकर पहुंचा और पूरे निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
भवन तोड़ने के साथ सरिया चोरी का आरोप
आरंग। समाज के अध्यक्ष लखन सोनकर ने बताया कि 13 मार्च की सुबह जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां केवल मलबा ही बचा था। इस घटना से समाज को करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आरोप है कि आरोपियों ने निर्माण स्थल से करीब 20 नग कीमती सरिया भी चोरी कर ली।
रास्ते के विवाद को लेकर पहले भी हो चुका है झगड़ा
आरंग। जिस जगह पर भवन का निर्माण हो रहा था उसके पीछे अविनाश साहू सहित अन्य किसानों की जमीन है। किसानों का कहना है कि भवन बनने से खेत तक आने-जाने का रास्ता प्रभावित होगा। इसी मुद्दे को लेकर पहले भी किसानों और सोनकर समाज के लोगों के बीच विवाद हो चुका है और मामला तहसील कार्यालय में लंबित बताया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने, पुलिस कर रही जांच
आरंग। समाज के लोगों ने एक सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया है, जिसमें नया बिजली ऑफिस चौक के पास खमतराई रोड पर अविनाश साहू को मोटरसाइकिल से जाते हुए और उसके पीछे जेसीबी को जाते देखा जा रहा है। घटना के बाद बड़ी संख्या में समाज के लोग आरंग थाने पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जेसीबी चालक की तलाश
आरंग। अध्यक्ष लखन सोनकर की शिकायत पर आरंग पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(5) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब जेसीबी के मालिक और चालक की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी हरीश साहू ने कहा कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





