July 29, 2026

आरंग में पूर्व सरपंच से मारपीट मामले में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी गोल्डी शर्मा समेत दो गिरफ्तार

आरंग। मवेशी तस्करी का आरोप लगाकर सतनामी समाज के पूर्व सरपंच बाल कुमार कुर्रे के साथ मारपीट करने वाले दो आरोपियों गोल्डी शर्मा और अभिजीत शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिन्हें रायपुर एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा मामला

जानकारी के अनुसार घटना 14-15 मई की रात की है। ग्राम गुदगुदा के पूर्व सरपंच बाल कुमार कुर्रे के साथ कथित गौ सेवकों ने मवेशी तस्करी का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज और मारपीट की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सतनामी समाज में आक्रोश फैल गया।

सतनामी समाज ने किया प्रदर्शन

16 मई को बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोगों ने आरंग थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक कुमार झा और डीएसपी लंबोदर पटेल सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

एसटी-एससी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एसटी-एससी एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपियों की तलाश के लिए साइबर सेल और एसीसीयू टीम की मदद ली गई।

रायपुर एयरपोर्ट से हुई गिरफ्तारी

पुलिस को तकनीकी इनपुट मिलने के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाई गई थी। बुधवार को गोल्डी शर्मा और अभिजीत शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

डीएसपी लंबोदर पटेल ने कहा कि कानून व्यवस्था हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। थाना परिसर में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने गिरफ्तारी के बाद सतनामी समाज और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।